शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। रामलीला महोत्सव मंडल की ओर से रविवार को भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात का नगर में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। जनकपुरी में बरातियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों से सजी बारात ने धार्मिक उत्सव की छटा बिखेर दी।
बारात रवाना होने से पहले पंचायती धर्मशाला में झंडा पूजन और मुख्य पूजन विवेक गोयल, ईश्वर गोयल तथा सुशील ऐरन ने किया। अतिथियों ने भगवान श्रीराम की आरती कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद राकेश सिंघल ने नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर बारात को रवाना किया। बारात नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गांधी चौक पहुंची, जहां पीठ बाजार के लोगों ने स्वागत किया। अरविंद टेबक, मनोज ललित, सतीश कुमार, अमरदीप लाड्डी, अमित, मुकेश और नरेश ललित सहित अन्य लोगों ने बरातियों को माला पहनाकर अभिनंदन किया।
सुंदर ढंग से सजाए गए रथ पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप विराजमान रहे। श्रीराम का स्वरूप माधव अग्रवाल और लक्ष्मण का स्वरूप वृतांत गोयल ने धारण किया। इनके साथ राजा दशरथ, गुरु विश्वामित्र और गुरु वशिष्ठ के स्वरूप भी अपने रथ पर सवार रहे। बारात का मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया गया।
पंचायती धर्मशाला से शुरू हुई बारात प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रामलीला भवन पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में रामलीला महोत्सव मंडल के संयोजक अर्चित गोयल, राकेश गोयल, संजय, समर्थ, बृजमोहन वर्मा, मनोज गोयल, नीरज पाहुजा, अरविंद शर्मा, अरविंदर सिंह मखीजा, अनिल तायल, सतीश गोयल, नवीन पांचाल, अतुल गोयल, लविश नामदेव, सागर पांचाल, राजू नामदेव और शिवम नामदेव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।








