शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। शिव चौक स्थित रामलीला भवन में शनिवार रात आयोजित रामलीला में धनुष यज्ञ की लीला का शानदार मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के हाथों शिव धनुष टूटते ही राम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। लक्ष्मण और परशुराम के बीच हुए तीखे संवादों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।
मंचन के दौरान मुनि विश्वामित्र के साथ जनकपुरी जा रहे भगवान श्रीराम द्वारा अहिल्या उद्धार का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसके बाद पुष्प वाटिका में श्रीराम और माता सीता के मिलन का दृश्य दिखाया गया। माली के रूप में नवीन पांचाल और मालिन के रूप में लविश नामदेव ने प्रभावशाली अभिनय किया।
राजा जनक के दरबार में आयोजित सीता स्वयंवर में विभिन्न देशों के राजा और राजकुमार शिव धनुष उठाने पहुंचे, लेकिन कोई भी उसे हिला नहीं सका। अलग-अलग वेशभूषा में पहुंचे राजकुमारों के दृश्यों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। जब भगवान श्रीराम ने शिव धनुष तोड़ा तो पूरा रामलीला परिसर जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद लक्ष्मण और परशुराम के बीच हुए संवादों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
लीला में विश्वामित्र की भूमिका में विजय गोयल, श्रीराम के रूप में नितिन गोयल, लक्ष्मण के रूप में मयंक कश्यप, राजा जनक के रूप में आशुतोष नामदेव और परशुराम के रूप में राहुल राज थारूल ने शानदार अभिनय किया।
आयोजकों के अनुसार, सोमवार को शिव चौक स्थित रामलीला भवन में राम वनवास की लीला का मंचन किया जाएगा। वहीं, मोहल्ला सराय में हिंदू सभा सराय के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में केवट संवाद और भरत मिलाप की लीला प्रस्तुत की जाएगी।








