अमित कुमार
छुटमलपुर। मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर भादों में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। रैली से पहले विद्यार्थियों ने महिला अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित पोस्टर तैयार किए। इसके बाद हाथों में पोस्टर लेकर गांव में रैली निकाली और जागरूकता संबंधी नारे लगाए।
विद्यार्थियों ने ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान’, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘महिलाओं का करो सम्मान, तभी बनेगा देश महान’ और ‘बाल विवाह बंद करो, बेटियों को आगे बढ़ने दो’ जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया।
प्रधानाध्यापिका रेखा रानी, सहायक अध्यापिका सुरेखा सिंघल और अजय धीमान ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। छेड़छाड़, हिंसा, उत्पीड़न या घरेलू हिंसा की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित अधिकारियों से सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रैली में आतिफ, शाहिस्ता, परवीन, अफीफा, हुमा, जाकरा, इनसा और शाहदत हुसैन सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया।








