सहारनपुर: लेबर कॉलोनी की रामलीला में भव्य लंका दहन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा परिसर

सहारनपुर की लेबर कॉलोनी में मानवीय कल्याण समिति की रामलीला में भव्य लंका दहन का मंचन हुआ। हनुमान जी के पराक्रम और भक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। मानवीय कल्याण समिति, लेबर कॉलोनी की ओर से आयोजित रामलीला में लंका दहन की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने हनुमान जी की अद्भुत वीरता, साहस, बुद्धिमत्ता और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट भक्ति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लंका दहन के रोमांचक दृश्य के दौरान रामलीला परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

मंचन के दौरान दिखाया गया कि माता सीता की खोज में हनुमान जी लंका पहुंचते हैं और अपनी बुद्धिमत्ता एवं पराक्रम से रावण की शक्ति को चुनौती देते हैं। इसके बाद लंका दहन का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस प्रसंग के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भगवान श्रीराम के आदर्शों और हनुमान जी की निष्ठा एवं सेवाभाव से परिचित कराया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुलबीर राणा, शगुन गुप्ता, मानू गुप्ता और पवन कुमार उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों तथा सत्य, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा के मूल्यों से जोड़ते हैं।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मानवीय कल्याण समिति धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सद्भाव, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। रामलीला के विभिन्न प्रसंग जीवन में सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष प्रदीप कपिल, महामंत्री विश्वनाथ तिवारी, कोषाध्यक्ष संजय राय, संरक्षक एवं दशहरा प्रधान प्रदीप शर्मा (टीनू गुरु जी), संयोजक ठाकुर रामाशंकर सिंह, उमेश कश्यप, संदीप रावत, राजेंद्र गुप्ता गर्ग, यशपाल चौधरी, सतेंद्र रावत, कमल श्रीवास्तव, डॉ. अश्वनी शर्मा, डॉ. मोहित शर्मा और प्रकाश पांडेय सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय गुप्ता और एडवोकेट सतीश चौधरी ने किया। लंका दहन की लीला के समापन तक परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य