अमित कुमार उपाध्याय
सहारनपुर। जनपद में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिलकाना पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मंगलवार को पंचकुआ-पठेड़ मार्ग पर चेकिंग के दौरान बिना रॉयल्टी और ओवरलोड खनन सामग्री का परिवहन करते हुए पांच डंपरों को पकड़ा। सभी वाहनों को खनन सामग्री सहित कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपदभर में अवैध खनन के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी चिलकाना अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
तीन नवंबर 2026 को पंचकुआ-पठेड़ मार्ग पर चेकिंग के दौरान टीम ने पांच डंपरों को बिना रॉयल्टी और निर्धारित क्षमता से अधिक खनन सामग्री ले जाते हुए पकड़ा। पुलिस ने मौके से सभी वाहनों को खनन सामग्री सहित कब्जे में लेकर सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया।
सीज किए गए वाहनों में हरियाणा नंबर के पांच डंपर शामिल हैं। इनमें HR-58-F-3226, HR-58-E-8245, HR-58-E-9604, HR-58-C-8876 और HR-58-D-9954 शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अक्षय शर्मा, उपनिरीक्षक विमल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल विवेक कुमार और हेड कांस्टेबल मोहित शर्मा शामिल रहे।







