शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव की अध्यक्षता में व्यापार बंधु और उद्योग बंधु की अलग-अलग बैठकें हुईं। इनमें व्यापारियों और उद्यमियों ने स्ट्रीट लाइट, सफाई, सड़क व नाला निर्माण, जल निकासी और अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए शेष मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारी नुसरत साबरी ने पांवधोई नदी की सफाई का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि फिलहाल ढमोला नदी की सफाई कराई जा रही है। नवंबर में पांवधोई नदी की सफाई भी कराई जाएगी। व्यापारी राजेश गुलाटी ने वार्डों में फॉगिंग और चूना छिड़काव नहीं होने की शिकायत की। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि विशेष संचारी रोग अभियान के तहत प्रतिदिन रोस्टर के अनुसार 14 वार्डों में सफाई, चूना और एंटीलार्वा छिड़काव के साथ फॉगिंग कराई जा रही है। इसके अलावा 22 वार्डों के बाहरी क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों पर दो वाहनों से एंटीलार्वा का छिड़काव किया जा रहा है।
नरेश गोयल ने पार्कों की सफाई, जबकि मुकुंद मनोहर गोयल ने डीएम आवास रोड और देहरादून रोड की खराब स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया। सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों के फुटपाथ अधिक चौड़े होने की समस्या भी सामने रखी गई। धोबीघाट के पास दसवां घाट पर महिलाओं के लिए शौचालय और स्नानागार बनाने की मांग पर मुख्य अभियंता ने बताया कि वहां जल्द काम शुरू कराया जाएगा।
गौरव चौहान, अंकित जैन और निखिल गोयल ने अंबाला रोड व घंटाघर पर बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने से लगने वाले जाम की समस्या उठाई। इस पर परिवहन विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराकर समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
उद्योग बंधु की बैठक में आईआईए की ओर से उठाए गए सड़क निर्माण के मामलों पर मुख्य अभियंता ने बताया कि आरती प्रिंटर्स से सुपर पेंट तक तथा अंबे इंडस्ट्रीज से रोहित के मकान तक नाली और सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। देहरादून रोड पर पंजाबी ढाबे से राजवाहे तक नाला निकासी का काम शुरू करा दिया गया है। अनूप खन्ना ने सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की मांग की। मनजीत सिंह अरोड़ा, विकास मलिक और राजकुमार ने पांवधोई नदी किनारे अतिक्रमण तथा शारदानगर पुल की खराब लाइटों का मुद्दा उठाया।
सहायक नगरायुक्त जेपी यादव ने व्यापारियों से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत बकाया टैक्स पर ब्याज में पूर्ण छूट का लाभ लेने के लिए लोगों को आवेदन के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में सहायक नगरायुक्त विकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, जीएम स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल और लेखाधिकारी मनोज त्रिवाठी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








