शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी ने शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन-2026 को लेकर संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. राजपाल कश्यप ने मंडल प्रभारियों की ड्यूटी निर्धारित की है। जारी पत्रक के अनुसार, इंजीनियर विजेश कुमार शर्मा को सहारनपुर मंडल में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर ब्रिजेश कुमार विश्वकर्मा को भी सहारनपुर मंडल का दायित्व दिया गया है।
15 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की अनुमति से शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन के लिए पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। मंडल प्रभारी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर चुनावी गतिविधियों में सहयोग करेंगे।
निर्धारित सूची में गोरखपुर, बस्ती, सहारनपुर, चित्रकूट, आगरा, मिर्जापुर, मुरादाबाद, लखनऊ, अलीगढ़, आजमगढ़, वाराणसी, बरेली, झांसी, फैजाबाद, मेरठ, देवीपाटन और प्रयागराज मंडलों के लिए प्रभारियों के नाम शामिल हैं। सहारनपुर मंडल में दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति को क्षेत्र में पार्टी के चुनावी समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पत्रक के अनुसार, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य मंडल प्रभारियों के साथ मिलकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सहयोग करेंगे। इसका उद्देश्य चुनाव के दौरान पार्टी संगठन और पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।








