शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में शनिवार को ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत ‘ह्यूमन रंगोली’ का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, शिक्षिकाओं और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने रंगों के माध्यम से विकसित भारत की तस्वीर उकेरी। रंगोली के चारों ओर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाई गई और एकता का संदेश दिया गया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में रंगोली के केंद्र में अशोक चिह्न के साथ ‘विकसित भारत’ को दर्शाया गया। इसके अलावा हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण, बुलेट ट्रेन, ब्रह्मोस उत्पादन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, हरित भारत-स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, कौशल भारत-कुशल भारत, कामधेनु योजना और जल संरक्षण जैसे विषयों को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन एक सकारात्मक कार्य करने का संकल्प लें, जिससे वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में योगदान दिया जा सके। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर देख रही है और देश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। उन्होंने बच्चों से अच्छे लक्ष्य निर्धारित करने और श्रेष्ठ नागरिक बनने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम से पहले महापौर डॉ. अजय कुमार, नगरायुक्त शिपू गिरि, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार और एनसीसी 26वीं बटालियन के कर्नल आरके माही ने रंगोली का अवलोकन किया। मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, सहायक नगरायुक्त जेपी यादव और कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में पूर्व उपसभापति एवं पार्षद मुकेश गक्खड़, पार्षद ज्योति अग्रवाल, राजू सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, नगर शिक्षा अधिकारी सुदेश त्यागी, एआरपी डॉ. गोपाल शर्मा और राजेंद्र पाण्डेय सहित शिक्षिकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन डॉ. वीरेन्द्र आजम ने किया।








