Saharanpur News: जनगणना 2027 की तारीखें जारी! 16 नवंबर से क्या करना होगा, घर-घर गिनती कब शुरू होगी?

सहारनपुर में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर गणना और 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण होगा। डीएम ने शत-प्रतिशत भागीदारी की अपील की।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। भारत की जनगणना 2027 को लेकर सहारनपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण के कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने तहसील सदर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर जनगणना के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से छूटने न पाए।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में सबसे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवारों और घरों से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी।
उन्होंने बताया कि घर-घर जनगणना के बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और सुपरवाइजरों द्वारा पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। इस चरण में जनगणना से संबंधित विवरणों की जांच और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से निर्धारित समय पर स्वगणना की प्रक्रिया में हिस्सा लेने और घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझें और यह सुनिश्चित करने में सहयोग करें कि कोई भी नाम जनगणना से छूट न जाए।
प्रशासन की ओर से जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जा सके। जनगणना के आंकड़े देश की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने में उपयोगी होते हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना के दौरान सही जानकारी दें और पूरी प्रक्रिया में सहयोग करें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य