Saharanpur News: लक्ष्मण शक्ति लीला में छलके श्रीराम के आंसू, भावुक हुए श्रद्धालु

: सहारनपुर की लेबर कॉलोनी में मानवीय कल्याण समिति की रामलीला में लक्ष्मण शक्ति लीला का भावपूर्ण मंचन हुआ। श्रीराम के करुण विलाप और हनुमान जी के संजीवनी प्रसंग ने दर्शकों को भावुक किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। मानवीय कल्याण समिति, लेबर कॉलोनी की ओर से आयोजित रामलीला में लक्ष्मण शक्ति लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने शानदार अभिनय और सजीव संवादों के माध्यम से रामायण के इस मार्मिक प्रसंग को जीवंत कर दिया। मेघनाद की शक्ति लगने से लक्ष्मण के मूर्छित होने और उन्हें देखकर प्रभु श्रीराम के करुण विलाप के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इस दौरान रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

लीला में दिखाया गया कि युद्धभूमि में लक्ष्मण को मूर्छित देखकर प्रभु श्रीराम व्याकुल हो उठते हैं। अपने अनुज के प्रति उनका असीम प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव दर्शकों के हृदय को छू गया। वहीं, हनुमान जी का संजीवनी बूटी लाने के लिए प्रस्थान करना और लक्ष्मण के प्राणों की रक्षा के लिए उनका समर्पण आकर्षण का केंद्र रहा। इस प्रसंग ने भाईचारे, प्रेम, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्वाइंट कमिश्नर मंडलायुक्त रमेश यादव, नायब तहसीलदार सदर संजय सिंह, बबलू कुमार, स्मृति शुक्ला, भाजपा नेता अभय राणा, एडवोकेट अनुज, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता सूर्यकांत राणा, व्यापारी नेता रोहित घई, सुनील शर्मा और संजीव गुख्खड़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों की जीवंत अभिव्यक्ति है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को मर्यादा, त्याग, सेवा, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष प्रदीप कपिल, महामंत्री विश्वनाथ तिवारी, कोषाध्यक्ष संजय राय, संयोजक ठाकुर रामाशंकर सिंह, उमेश कश्यप, संदीप रावत, राजेंद्र गुप्ता गर्ग, सत्येंद्र रावत, कमल श्रीवास्तव, डॉ. अश्वनी शर्मा, सतीश कंडवाल, डॉ. मोहित शर्मा, प्रकाश पांडेय, उप प्रबंधक नीरज, सुनील मोंगा रोहिला और यशपाल चौधरी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन विजय गुप्ता और एडवोकेट सतीश चौधरी ने किया। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी पहुंचे। अंत में समिति की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य