शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गांधी पार्क में श्री राधा कृष्ण मंदिर क्लब के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में लक्ष्मण मूर्छा की लीला का मार्मिक मंचन किया गया। युद्धभूमि में लक्ष्मण और मेघनाद के बीच संवाद तथा भीषण युद्ध के दृश्य देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, मेघनाद की शक्ति लगने से लक्ष्मण के मूर्छित होने और प्रभु श्रीराम के करुण विलाप का दृश्य देखकर दर्शकों के नेत्र भर आए।
लीला में हनुमान जी द्वारा द्रोणगिरि पर्वत से संजीवनी बूटी लाने का प्रसंग बेहद मनोरम रहा। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों से रामायण के इस प्रसंग को जीवंत कर दिया। पूरे मंचन के दौरान दर्शक भाव-विभोर होकर लीला का आनंद लेते रहे।
हरविंदर गोसाई और आनंद कुमार के कुशल निर्देशन में कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। अतुल सचदेवा ने श्रीराम, हर्ष ठाकुर ने लक्ष्मण, आदित्य प्रजापति ने हनुमान, आशु सहगल ने रावण, प्रथम वत्स ने मेघनाद, तरुण ने सुषेण वैद्य, जगमोहन ने विभीषण, विनोद शर्मा ने कालनेमि और विशाल ने भरत की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राघव लखनपाल, क्लब प्रधान जोगेंद्र कुमार, राकेश शर्मा, विक्रांत सैनी, दशहरा प्रधान संजय कपिल, नवदीप आनंद, आशीष खुराना, गुरमीत सिंह और सचिन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन रमेश चंद्र छबीला, राकेश वत्स और विनय वत्स ने किया।








