शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर की बेटी राधिका कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि से जिले का नाम रोशन किया है। सर्किट हाउस रोड स्थित साहिब जी नगर कॉलोनी निवासी राजीव कश्यप की बेटी राधिका को डॉ. आर. अहमद नेशनल स्टूडेंट अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया। मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
भारतीय डेंटल एसोसिएशन की ओर से सेंसोडाइन के सहयोग से आयोजित इस पुरस्कार समारोह में राधिका की उपलब्धि को सराहा गया। यह सम्मान उनकी प्रतिभा, मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की पहचान के रूप में देखा जा रहा है। राधिका वर्तमान में इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस, बरेली में बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) की पढ़ाई कर रही हैं।
डॉ. आर. अहमद नेशनल स्टूडेंट अवॉर्ड्स के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों को पहचान एवं प्रोत्साहन दिया जाता है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए राधिका का चयन उनके परिवार और शुभचिंतकों के लिए गर्व का विषय है।
राधिका की सफलता से परिवार, शिक्षकों और परिचितों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा और अपने चुने हुए क्षेत्र में मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
राधिका कश्यप को इस उपलब्धि पर विक्रान्त कुमार, संजीव कुमार, किरन, मोहित शर्मा, अंतरिक्ष सैनी, निकिता जैन, दिव्यांश कश्यप और कुलभूषण सहित अन्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








