Saharanpur News: दशहरे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, कोर्ट रोड पुल पर शाम 5 बजे से कार और ई-रिक्शा बंद

सहारनपुर में 20 अक्टूबर को दशहरे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। कोर्ट रोड पुल पर शाम 5 बजे से कार, टेंपो और ई-रिक्शा बंद रहेंगे। भारी वाहनों की एंट्री सुबह 6 से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। दशहरा पर्व पर रामलीला, धार्मिक झांकियों और पदयात्राओं के चलते शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। 20 अक्टूबर को सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान शहर के भीतर माल लादने और उतारने के लिए भी भारी वाहनों को आने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, कोर्ट रोड पुल पर शाम पांच बजे से कार, टेंपो और ई-रिक्शा का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। पुल से केवल दोपहिया वाहन ही गुजर सकेंगे।

एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, दशहरे पर शहर के अलग-अलग स्थानों पर रामलीला के आयोजन, झांकियों और पदयात्राओं के कारण सड़कों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए मार्गों में बदलाव किया गया है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

कोर्ट रोड पुल के पास आयोजित होने वाली रामलीला को देखते हुए शाम पांच बजे से पुल पर कार, टेंपो और ई-रिक्शा की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। इस अवधि में दोपहिया वाहन चालकों को ही पुल से निकलने की अनुमति होगी। इसलिए इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी कर लेनी चाहिए।

कोर्ट रोड से खलासी लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर निर्माण और मरम्मत कार्य भी चल रहा है। इसके कारण कोर्ट रोड से घंटाघर जाने वाले वाहनों को हसनपुर चौक से आईटीसी की तरफ होते हुए शारदा नगर पुल के रास्ते घंटाघर चौक पहुंचना होगा। दूसरी ओर, घंटाघर से कोर्ट रोड की तरफ जाने वाले वाहन देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक, विश्वकर्मा चौक और दीवानी तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

बेहट बस स्टैंड से माली गेट, पुरानी चुंगी और कोतवाली देहात की ओर जाने वाले रास्तों पर भी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने इन मार्गों पर पहले से खड़े भारी वाहनों को दोपहर 12 बजे से पहले हटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि यातायात संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

नुमाइश कैंप में रावण दहन कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए चौकी राकेश केमिकल से किसी भी प्रकार के भारी वाहन को पुरानी चुंगी या बेहट अड्डे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रात 12 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा। शहर के भीतर सामान की लोडिंग और अनलोडिंग करने वाले भारी वाहन भी इस व्यवस्था से बाहर नहीं होंगे।

यातायात पुलिस ने दशहरा पर्व के दौरान लोगों से अपील की है कि वे रूट डायवर्जन को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाएं। निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात नियमों का ध्यान रखने से जाम से बचने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से कोर्ट रोड, बेहट अड्डा और नुमाइश कैंप की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य