Saharanpur News: गांधी पार्क में रावण दहन, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने किया पुतले का दहन

सहारनपुर के गांधी पार्क में राधा कृष्णा क्लब ने विजयदशमी महोत्सव धूमधाम से मनाया। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने रावण के पुतले का दहन किया। महापौर डॉ. अजय सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राधा कृष्णा क्लब गांधी पार्क की ओर से विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो अंबाला रोड, गुरुद्वारा रोड और रेलवे स्टेशन से होते हुए गांधी पार्क मैदान पहुंची। शोभायात्रा के दौरान आकर्षक झांकियों और भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

गांधी पार्क मैदान में रावण की हुंकार और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम तथा लक्ष्मण के दर्शन करने के लिए हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ रामलीला के मंचन का आनंद लिया। इस दौरान मुख्य अतिथि मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव कुमार उपमार और पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल की मौजूदगी में रामलीला का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध के बाद श्रीराम ने रावण का वध किया।

कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का क्लब के अध्यक्ष चौधरी जोगिंदर सिंह ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। महामंत्री राकेश कुमार शर्मा ने भी अतिथियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।

इसके बाद रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों के दहन की प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले कुंभकरण के पुतले के दहन के लिए महापौर डॉ. अजय सिंह ने बटन दबाया। इसके बाद मेघनाथ के पुतले के लिए पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने बटन दबाया। अंत में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने रावण के पुतले के दहन के लिए बटन दबाया।

तीनों पुतले आग लगते ही धू-धू कर जलने लगे। इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ दशहरा महोत्सव का आनंद लिया। रावण दहन के साथ ही आयोजन स्थल पर असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश गूंज उठा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य