शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री आशुतोष मंदिर रामलीला समिति की ओर से मंगलवार, 20 अक्टूबर को जिला कांग्रेस कमेटी के मैदान में विजयदशमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान दर्शकों की भारी भीड़ के बीच रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम और रावण के बीच संवाद तथा युद्ध का शानदार मंचन किया गया। इसके बाद रावण दहन और आकर्षक आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया।
रामलीला के मंचन के दौरान विभीषण ने भगवान श्रीराम को बताया कि रावण की नाभि में अमृत है। इसके बाद प्रभु श्रीराम ने रावण की नाभि में अग्निबाण मारकर उसका अंत किया। रावण के पुतले का दहन होते ही मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। समिति की ओर से आयोजित आकर्षक आतिशबाजी को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध अस्थि रोग सर्जन डॉ. राहुल सिंह मुख्य अतिथि और डॉ. पंकज खन्ना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शोभायात्रा के प्रधान गुरप्रीत सिंह बग्गा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका गौरव चानना, लक्ष्मण की भूमिका विनय दुग्गल, हनुमान जी की भूमिका तरुण अरोड़ा, रावण की भूमिका राजीव यादव और विभीषण की भूमिका शिवम कक्कड़ ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम का निर्देशन जय कालरा ने किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष गौरव चौधरी, महामंत्री राकेश छाबड़ा, मोहित छाबड़ा, कोषाध्यक्ष गौरव पुरी, मुख्य संयोजक संजय भसीन, प्रबंधक विनय दुग्गल, दशहरा प्रधान नरेश कुमार, प्रभु श्रीराम के सारथी संजीव टंडन, स्वागताध्यक्ष डॉ. एमपी सिंह चावला, विजय खुराना, राकेश राणा, योगेश टंडन, अमन भाटिया, राघव सेठ, राजा छाबड़ा, दीक्षित छाबड़ा, मनीष कालरा, संजय आनंद, आनंद भाटिया, राजेंद्र महेंद्रा, शिवम महेंद्रा, गौरव चौहान कुमार, विकास कुमार, सन्नी शर्मा, लकी भंडारी, सिद्धार्थ पुरी और शिवम ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. एमपी सिंह चावला, अमित वत्ता और संजय भसीन ने किया। रावण दहन के साथ आयोजन का समापन बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय के संदेश के साथ हुआ।








