शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड पर फल का कारोबार करने वाले व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पार्षद एवं नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने आवाज उठाई। पार्षद दल ने मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि को व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए उचित समाधान कराने की मांग की। मेयर और अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि किसी को भी बिना वजह परेशान नहीं किया जाएगा।
फल व्यापारियों ने पार्षद दल को बताया कि दिल्ली रोड के एक तरफ फल का कारोबार करने वाले व्यापारियों को कोई परेशानी नहीं होती, जबकि दूसरी तरफ ठिए लगाकर फल बेचने वालों को नगर निगम का अतिक्रमण विभाग आए दिन कारोबार बंद करने के लिए कहता है। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जब कारोबार एक ही सड़क पर हो रहा है तो फिर अलग-अलग नियम क्यों लागू किए जा रहे हैं।
पार्षद मंसूर बदर ने मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगर आयुक्त शिपू गिरि को फोन पर पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि फल व्यापारियों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण लेकर अपना रोजगार शुरू किया है। इसके अलावा वे नगर निगम के फड़ ठेकेदार को निर्धारित शुल्क देकर पर्ची भी कटवाते हैं। ऐसे में उनके साथ किसी प्रकार का भेदभाव या अनुचित व्यवहार नहीं होना चाहिए।
मंसूर बदर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को नियमों के दायरे में रहकर रोजगार करने का अधिकार है। किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने फल व्यापारियों से भी अपील की कि वे सड़क और आवागमन के रास्तों पर अतिक्रमण न करें, ताकि आम जनता को आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यदि नियमों का पालन करने के बावजूद किसी व्यापारी को बेवजह परेशान किया गया तो पार्षद दल उसकी समस्या के समाधान के लिए आवाज उठाएगा।
इस दौरान पार्षद रईस पप्पू, गुलज़ेब खान, सईद सिद्दीकी, इज़हार मंसूरी, महमूद हसन, समीर अंसारी और जफर अंसारी सहित फल व्यापारियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।








