शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) का समर्थन मिला है। बुधवार को माकपा के जिला महामंत्री नवनीत सिंह के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी अंबाला रोड स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद को समर्थन पत्र सौंपकर पार्टी के निर्णय से अवगत कराया।
इस दौरान माकपा के जिला महामंत्री नवनीत सिंह ने कहा कि प्रदेश में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है। इसी निर्णय के तहत जिला इकाई के पदाधिकारी सपा कार्यालय पहुंचे और जिलाध्यक्ष को समर्थन पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि माकपा की राज्य कमेटी ने प्रदेश की 11 सीटों पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देने का फैसला किया है। जिला स्तर पर इसी निर्णय के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने समर्थन के लिए माकपा के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माकपा ने जिस विश्वास के साथ समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन दिया है, पार्टी उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने माकपा के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी आपसी सहयोग और समन्वय की भावना के साथ आगे बढ़ेगी।
मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो रही हैं। ऐसे में माकपा की ओर से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देने की घोषणा को चुनावी गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री विनोद तेजियान, कामरेड दाऊद, सपा कार्यालय प्रवक्ता एवं प्रभारी फैसल सलमानी, हसीन कुरैशी, वेदपाल पटनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।








