Saharanpur News: दीपावली पर जगमगाएगा सहारनपुर, नगर निगम ने खरीदीं एक हजार से अधिक नई स्ट्रीट लाइटें

दीपावली पर शहर को रोशन करने के लिए नगर निगम ने एक हजार से अधिक नई स्ट्रीट लाइटें खरीदीं। सभी 70 वार्डों में मरम्मत और नई लाइटें लगाने का काम जारी है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। दीपों के महापर्व दीपावली पर शहर को रोशन करने के लिए नगर निगम ने पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने की कवायद तेज कर दी है। शहर के सभी 70 वार्डों में नई लाइटें लगाने के साथ पुरानी खराब लाइटों की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। नगर निगम ने दीपावली तक 95 प्रतिशत से अधिक स्ट्रीट लाइटों को क्रियाशील करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए एक हजार से अधिक नई लाइटें खरीदी गई हैं।

नगर निगम के पथ प्रकाश प्रभारी वीबी सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शहर के सभी 70 वार्डों में आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में पांच से आठ नई लाइटें लगाने का प्रावधान रखा गया है। इसके साथ ही खराब लाइटों को ठीक करने के लिए आवश्यक स्पेयर पार्ट्स मंगवाए गए हैं, ताकि मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जा सके।

उन्होंने बताया कि पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने में नगर निगम के विद्युत कर्मचारी लगातार जुटे हुए हैं। इसके अलावा अनुबंध के तहत ईईएसएल कंपनी ने भी वार्डवार सर्वे कर खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। कंपनी की ओर से मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक सामग्री भी मंगाई गई है। नगर निगम का प्रयास है कि दीपावली से पहले अधिक से अधिक खराब लाइटों को ठीक कर शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए।

पथ प्रकाश प्रभारी के अनुसार, दीपावली तक 95 प्रतिशत से अधिक लाइटों को चालू हालत में लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। धार्मिक स्थलों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, दीपावली से जुड़े कार्यक्रम स्थलों और मुख्य मार्गों पर पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नगर निगम की इस कवायद का उद्देश्य दीपावली के दौरान शहर को रोशनी से जगमगाना और नागरिकों को बेहतर पथ प्रकाश सुविधा उपलब्ध कराना है। नई लाइटें लगाने और पुरानी लाइटों की मरम्मत का काम पूरा होने से शहर के विभिन्न इलाकों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य