Saharanpur News : बेहट में खनन पट्टे को लेकर जनसुनवाई, ग्रामीणों ने हाथ उठाकर जताई सहमति

बेहट तहसील सभागार में शहजादपुर बांस स्थित यमुना नदी में खनन पट्टे को लेकर जनसुनवाई हुई। 13 हेक्टेयर क्षेत्र में पांच साल के खनन प्रस्ताव पर ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, पानी के छिड़काव और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के सुझाव रखे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

बेहट। तहसील सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से खनन पट्टे को लेकर जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों ने खनन परियोजना के संबंध में अपनी राय और सुझाव रखे। जनसुनवाई के समापन पर ग्रामीणों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव के प्रति अपनी सहमति जताई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल ने की। क्षेत्रीय अधिकारी योगेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। परियोजना प्रस्तावक मैसर्स आरडीबी माइंस के पार्टनर राजदीप भाटिया निवासी सहारनपुर की ओर से पर्यावरणीय परामर्शी संस्था मैसर्स एनवायरमेंटल रिसर्च एंड एनालिसिस ने परियोजना का विवरण प्रस्तुत किया।

प्रस्ताव के अनुसार, गांव शहजादपुर बांस में यमुना नदी तल पर गाटा संख्या-1 के अंतर्गत 13 हेक्टेयर क्षेत्र में पांच वर्ष की अवधि के लिए बालू, बजरी और बोल्डर (आरबीएम) खनन की योजना है। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को परियोजना से संबंधित जानकारी दी। इसके बाद खनन पट्टे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

ग्रामीणों ने खनन क्षेत्र में सड़क निर्माण कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि खनन कार्य शुरू होने के बाद सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल उड़ने और प्रदूषण की समस्या को कम किया जा सके। इसके अलावा स्थानीय युवाओं को रोजगार देने में प्राथमिकता प्रदान करने का सुझाव भी दिया गया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को अभिलेखों में दर्ज कर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। जनसुनवाई के अंत में ग्रामीणों ने हाथ उठाकर खनन परियोजना के प्रस्ताव के प्रति सहमति व्यक्त की।

इस दौरान तहसीलदार विजय कुमार, खनन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य