शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने विकासखंड बलियाखेड़ी के उच्च प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर में आयोजित विशेष अभियान का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति और संबंधित एप के उपयोग के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए घर-घर जाकर ऐसे नागरिकों को जागरूक किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवाओं का अनिवार्य रूप से फॉर्म-6 भरवाया जाए, ताकि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और नाम दर्ज न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक अपने बूथ पर बीएलओ के पास फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उप जिला मजिस्ट्रेट विकास कुमार पांडेय सहित संबंधित बीएलओ और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।









