विमल शर्मा
छुटमलपुर। कस्बे के ज्योति किरण तिराहे से सहारनपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बने डिवाइडर वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर और पर्याप्त यातायात संकेतक नहीं होने के कारण विशेषकर रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा इंतजामों की ओर संबंधित अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, डिवाइडर को दूर से स्पष्ट रूप से पहचानने के लिए रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाए जाने जरूरी हैं। इनके अभाव में सहारनपुर की ओर से आने वाले वाहन चालकों को कई बार डिवाइडर का पता काफी नजदीक पहुंचने पर चलता है। ऐसी स्थिति में अचानक वाहन मोड़ने या ब्रेक लगाने के दौरान चालक नियंत्रण खो सकते हैं और दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है।
लोगों का आरोप है कि मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका के बावजूद नगर पंचायत स्तर पर इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। उनका कहना है कि तिराहे के समीप लगे यूनिपोल पर त्योहारों और अन्य अवसरों के शुभकामना संदेशों वाले विज्ञापन नियमित रूप से बदले जाते हैं, लेकिन आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े रिफ्लेक्टर और संकेतक लगाने की जरूरत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि डिवाइडरों पर मानक के अनुरूप रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और रात में स्पष्ट दिखाई देने वाले सुरक्षा चिह्न जल्द लगाए जाएं। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक इंतजाम किए जाने से वाहन चालकों को दूर से ही डिवाइडर का आभास हो सकेगा और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग से मार्ग का निरीक्षण कराकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।








