होली-ईद पर शांति व सौहार्द का संदेश, डीएम-एसएसपी ने की थानेवार समीक्षा बैठक

होलिका दहन स्थलों का चिन्हीकरण, डीजे पर अश्लील गीतों पर रोक मिलावटी खाद्य पदार्थ व अवैध शराब पर सख्ती, सोशल मीडिया अफवाहों पर कड़ी नजर

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । आगामी होली एवं ईद के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने की। इसमें होलिका सुरक्षा समिति, जुलूस आयोजकों, धर्मगुरुओं, पीस कमेटी पदाधिकारियों, संभ्रांत नागरिकों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए सभी त्योहार पारंपरिक और नियमों के अनुरूप मनाए जाएं। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर होलिका स्थापना स्थलों की जानकारी लें और किसी भी संभावित विवाद को समय रहते आपसी समन्वय से सुलझाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि होलिका दहन पूर्व निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही किया जाए तथा चूने से सीमांकन सुनिश्चित किया जाए। डीजे निर्धारित मानक और डेसीबल के अनुसार ही बजाए जाएं तथा किसी भी स्थिति में अश्लील या भड़काऊ गीत न चलें। थाना स्तर पर भी शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। खाद्य सुरक्षा विभाग को खोवा, मिठाई, नमकीन, तेल और मसालों में मिलावट रोकने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध और जहरीली शराब के विक्रय व भंडारण पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि शरारती तत्वों और त्योहार में खलल डालने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, स्टंटबाजी और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित न की जाए। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में होलिका दहन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों को लेकर क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों से समीक्षा की गई। सभी थानाध्यक्षों ने बताया कि उनके क्षेत्रों में होली स्थापना को लेकर कोई विवाद नहीं है।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा, एसपी सिटी व्योम बिंदल सहित सभी एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय और अभिसूचना विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

शहर काजी नदीम अख्तर, सरफराज खान, आमिर खान, नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डन राजेश जैन, जयनाथ शर्मा, महेन्द्र तनेजा, किरणजीत सिंह, शीतल टंडन, ब्रित चावला, दलजीत सिंह कोचर, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कश्मीर सिंह समेत विभिन्न धर्मों के संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रशासन ने अपील की कि सभी नागरिक एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हुए त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य