शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के सहारनपुर महानगर संगठन ने मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। अभियान के दूसरे दिन 24 अक्टूबर को महानगर विधानसभा क्षेत्र संख्या-03 के दो दर्जन से अधिक पोलिंग स्टेशनों पर पहुंचकर सपा नेताओं ने मतदाताओं को जागरूक किया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से बातचीत कर मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और उनके निस्तारण के लिए प्रयास किए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत पोलिंग स्टेशनों पर मतदाता सूची के सत्यापन और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को लेकर लोगों को जानकारी दी गई। सपा नेताओं ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची से अपात्र या मृत व्यक्तियों के नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है। शादी के बाद पता बदलने या अन्य कारणों से मतदाता विवरण में बदलाव की जरूरत होने पर भी नियमानुसार संशोधन कराया जा सकता है।

अभियान में महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, विधानसभा अध्यक्ष काशिफ अल्वी, राष्ट्रीय सचिव मुस्तकीम राणा, जिला सचिव शाहिद मंसूरी और वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा शामिल रहे। नेताओं ने विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का दौरा कर बीएलओ से मतदाता सूची के सत्यापन और नए पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही मतदाताओं से अपने नाम और विवरण की जांच करने तथा त्रुटि मिलने पर समय रहते संशोधन कराने की अपील की।
वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, ताकि वह चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कई स्थानों पर लोग मतदाता सूची में अपना नाम जांचते और नया वोट बनवाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिए।
सपा महानगर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। पार्टी नेताओं ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने और जरूरत के अनुसार निर्धारित फार्म भरने की अपील की।








