शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल करने और प्रदेश में पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से जुटना होगा। संगठन को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाने के लिए निरंतर मेहनत करनी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों से दूर रहकर संगठन की मजबूती के लिए काम करने का आह्वान किया।
कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। महानगर पहुंचने पर अनुपम मिश्रा और राष्ट्रीय सचिव नंदिनी वत्स का स्वागत किया गया।
अनुपम मिश्रा ने कहा कि संगठन की मजबूती सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यकर्ता जिला और महानगर अध्यक्षों के साथ समन्वय बनाकर काम करें। गांवों और मोहल्लों में चौपाल आयोजित कर लोगों से संवाद स्थापित करें तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 17 महानगर अध्यक्षों को संगठन विस्तार के लिए सक्रियता से काम करना होगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूत स्थिति में आ सके।

राष्ट्रीय सचिव नंदिनी वत्स ने भी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ संगठन को गतिशील बनाने में योगदान देने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान ने कहा कि महानगर में संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जिलाध्यक्ष शाहजमा खान और प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के विश्वास को कायम रखते हुए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
बैठक का संचालन अरविंद मलिक ने किया। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष प्रशांत चौधरी, फखरूल इस्लाम, ब्रजवीर गुर्जर, शहजाद भाटी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शमीम अहमद, आरिफ मलिक, प्रमोद प्रधान, लल्लन प्रसाद, पार्षद प्रतिनिधि भूरा मलिक, प्रताप राणा, श्यामवीर, ब्रजवीर सिंह, दिमांश जैन, इशांत चौधरी, प्रभाव प्रधान, अतुल चौधरी, अभिषेक राणा, हाजी लंबरदार, महावीर, शहनवाज और इस्लाम मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








