शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय जनगणना 2027 के तहत दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए शहर के तीन केंद्रों पर प्रगणकों, पर्यवेक्षकों और संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जनगणना का पहला चरण 16 से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल स्वगणना के रूप में चलेगा, जबकि दूसरा चरण 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर दर्ज की गई जानकारी का भौतिक सत्यापन करेंगे।
दिल्ली रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, नेहरू मार्केट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज और चिलकाना रोड स्थित लॉर्ड महावीरा स्कूल में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली पब्लिक स्कूल में सहायक निदेशक जनगणना आशुतोष कुमार और सहायक नगर आयुक्त जेपी यादव ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें सहायक चार्ज अधिकारी, पर्यवेक्षक, प्रगणक तथा संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक निदेशक जनगणना आशुतोष कुमार ने डिजिटल प्रविष्टियों और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों में नागरिकों को डिजिटल स्वगणना के प्रति जागरूक करें और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक नागरिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर दर्ज आंकड़ों का सत्यापन करेंगे। इस दौरान छूटे हुए परिवारों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।








