शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। देवबंद कोतवाली पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 28 इंडेन गैस सिलेंडर, तीन गैस चूल्हे तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को बताया कि प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में पुलिस टीम गैस सिलेंडर चोरी के मामलों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मंगलौर रोड पर ग्राम गंगदासपुर जाने वाले रास्ते से दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज पुत्र अनीस निवासी ग्राम सांवतखेड़ी, थाना बड़गांव और फुरकान पुत्र आस मोहम्मद निवासी मोहल्ला आशियाना कॉलोनी, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है। फुरकान का वर्तमान पता देवबंद थाना क्षेत्र में गुर्जरवाड़ा स्थित जीतगिरि मंदिर के सामने बताया गया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक अवधेश कुमार और अरुण कुमार भी शामिल रहे।

एसपी देहात के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक बड़गांव थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब पांच-छह दिन पहले उन्होंने देवबंद-रणखंडी रोड पर रणखंडी से पहले जंगल में स्थित इंडेन गैस गोदाम से भरे हुए 22 गैस सिलेंडर और चार चूल्हे चोरी किए थे। पुलिस ने बरामद सामान को इसी घटना से संबंधित बताया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया।








