शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जांच, उपचार और देखभाल से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक दिवसीय संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कैंप कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. शेर सिंह कक्कड़ एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने की।
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर अवंतिका वाजपेयी, डॉ. मनीष शर्मा एवं राजेश रंजन ने चिकित्साधिकारियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इसमें राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको), उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी तथा पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया का सहयोग एवं समन्वय रहा।
कार्यशाला में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की संरचना, एचआईवी संक्रमण की वर्तमान स्थिति, बचाव के उपाय, जांच एवं काउंसलिंग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी), यौन संचारित संक्रमण (एसटीआई), प्रजनन तंत्र के संक्रमण (आरटीआई) के प्रबंधन तथा उच्च जोखिम वाले समूहों से संबंधित विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
सीएमओ डॉ. शेर सिंह कक्कड़ ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार बेहद जरूरी हैं। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े चिकित्साधिकारियों को इन विषयों की जानकारी होने से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यशाला में अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, जिला चिकित्सालय के चिकित्साधिकारियों, ब्लॉक स्तर के चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा डॉ. सूर्य प्रकाश गंगवार, डिप्टी सीएमओ, अमित कुमार सीपीएम, संदीप कुमार डीएमडीओ, दिशा क्लस्टर सहारनपुर तथा एमपी सिंह चावला मौजूद रहे।








