शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्टरों को परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में परिवहन मेले का आयोजन किया गया। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित मेले का उद्घाटन सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने किया। मेले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्टरों ने पहुंचकर विभिन्न कार्यों के लिए आवेदन किए। एक ही दिन में विभाग को 52.78 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि 178 वाहन स्वामियों के आवेदन मिले।
उद्घाटन के बाद मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने विभाग की ओर से लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी पूछा। मंडलायुक्त ने परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनहित और राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे आयोजन होने चाहिए। इससे वाहन स्वामियों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं मिलती हैं और उन्हें अपने कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, मेले में 178 वाहन स्वामियों ने विभिन्न परिवहन सेवाओं के लिए आवेदन किए, जिनसे 52.78 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त वाहन पोर्टल पर मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए 312 और सारथी पोर्टल पर मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए 152 आवेदन मिले। इस प्रकार कुल 464 मोबाइल नंबर अपडेट संबंधी आवेदनों का अधिकारियों और कर्मचारियों ने त्वरित निस्तारण किया।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) शंकर जी. सिंह ने वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्टरों से परिवहन मेलों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार सहारनपुर आरटीओ कार्यालय में आगामी 27 नवंबर और 26 दिसंबर 2026 को भी परिवहन मेले आयोजित किए जाएंगे। जो वाहन स्वामी 31 अक्टूबर को आयोजित मेले में नहीं पहुंच सके, वे इन निर्धारित तिथियों पर पहुंचकर विभागीय सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इस अवसर पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) मानवेन्द्र प्रताप सिंह, सम्भागीय मोटर वाहन निरीक्षक रोहित कुमार सिंह और कार्यालय के प्रवर्तन अधिकारी मौजूद रहे। प्रमुख ट्रांसपोर्टरों में रजनीश चन्दा, पी.पी. सिंह, ललित पोपली, रोबिन मोगा, पंकज और मनोज वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







