जौनपुर। उत्तर प्रदेश के पूर्व जिलाधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र अब प्रशासनिक सेवा के बाद राजनीति में नई पारी शुरू करने की तैयारी में हैं। उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। चर्चा है कि उन्होंने बिजनौर जिले की धामपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। हालांकि, भाजपा की ओर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
डॉ. दिनेश चंद्र 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने कानपुर देहात, बहराइच और सहारनपुर समेत कई जिलों में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं। जौनपुर में उनका कार्यकाल 14 सितंबर 2024 से 4 मई 2026 तक रहा। इसके बाद 30 जून 2026 को करीब 32 वर्षों की प्रशासनिक सेवा पूरी कर वह सेवानिवृत्त हो गए। वह लखनऊ में लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव के पद पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
किसान के गमछे पर आदेश लिखकर आए थे चर्चा में
जौनपुर में जिलाधिकारी रहते हुए डॉ. दिनेश चंद्र आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके त्वरित समाधान के प्रयासों को लेकर चर्चा में रहे। एक बार वरासत से संबंधित समस्या लेकर पहुंचे किसान के पास आवेदन पत्र उपलब्ध नहीं था। इस पर उन्होंने किसान के कंधे पर रखे सफेद गमछे पर ही संबंधित अधिकारी को कार्रवाई करने का निर्देश लिख दिया था। उनका यह अनोखा तरीका काफी चर्चित हुआ था।
अमित शाह ने किया था सम्मानित
सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान के लिए 24 जनवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. दिनेश चंद्र को सम्मानित किया था। प्रशासनिक कार्यों के अलावा योगाभ्यास, शीर्षासन और गायन के प्रति उनकी रुचि भी चर्चा का विषय रही है। होली के अवसर पर फगुआ गीतों में उनकी भागीदारी ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।
अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात और धामपुर विधानसभा सीट से भाजपा टिकट की दावेदारी के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासनिक सेवा में लंबा अनुभव रखने वाले डॉ. दिनेश चंद्र की सियासी पारी किस दिशा में आगे बढ़ेगी, यह भाजपा के आगामी निर्णय के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।







