मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने सोमवार को नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के सोराणा गांव में आयोजित विशाल जनसभा के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का राजनीतिक जनाधार मजबूत करने की कोशिश की। जनसभा में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखे राजनीतिक हमले बोले। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नकुड़ और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों के लिए बसपा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी की।

आकाश आनंद ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सपा को भाजपा की बी टीम करार दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीतिक दिशा स्पष्ट नहीं है। पीडीए की राजनीति को लेकर भी उन्होंने सपा पर सवाल उठाए। आकाश आनंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद में अखिलेश यादव को मित्र बताए जाने का जिक्र करते हुए दोनों दलों के बीच राजनीतिक संबंधों पर टिप्पणी की।
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने संविधान तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर दलित समाज का समर्थन हासिल किया, लेकिन अब इन दलों को बताना चाहिए कि उन्होंने दलित समाज के हित में क्या काम किया है। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश यादव की पूर्व में की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस मुद्दे के जरिए उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट समाज के बीच भी अपनी बात रखी।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आकाश आनंद ने डबल इंजन सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार बहुत तेल पीती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने अपनी छवि चमकाने और विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जबकि युवाओं के रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे अब भी गंभीर बने हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 25 हजार से अधिक सरकारी प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं और डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों की भर्ती का मामला लंबित है।
आकाश आनंद ने पेपर लीक, बेरोजगारी और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय मुफ्त राशन और अन्य योजनाओं के जरिए उन्हें निर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 हजार रुपये के मुफ्त राशन से बेहतर 30 हजार रुपये की स्थायी नौकरी है। युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देकर ही प्रदेश का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा सरकार और पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार दोनों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बुलडोजर और एनकाउंटर की कार्रवाई के दावों के बावजूद प्रदेश में अपराध की घटनाएं चिंता का विषय हैं। इसके विपरीत उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती के मुख्यमंत्री कार्यकाल की कानून व्यवस्था और सामाजिक भाईचारे की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मायावती ने बसपा संस्थापक कांशीराम के विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का काम किया है।
युवाओं के भविष्य को लेकर आकाश आनंद ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नई तकनीक की शिक्षा को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के बिना युवा प्रतिस्पर्धा में पिछड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार बनने पर सभी नागरिकों की सुरक्षा, विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी।
जनसभा के दौरान आकाश आनंद ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दो प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। उन्होंने नकुड़ विधानसभा सीट से नरेश सैनी और सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से फिरोज आफताब को बहुजन समाज पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। इस घोषणा के साथ ही सहारनपुर जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर बसपा की चुनावी तैयारियों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिले।
जनसभा में बसपा जिलाध्यक्ष रजनीश बंधु, मंडल को-ऑर्डिनेटर नरेश गौतम, पूर्व एमएलसी मेघराज जरावरे, वरिष्ठ पदाधिकारी जनेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। घोषित प्रत्याशी नरेश सैनी और फिरोज आफताब भी मंच पर उपस्थित रहे।







