शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह। गांव सांगाठेड़ा से दूसरे समुदाय के युवक के साथ गई युवती के मामले में बुधवार सुबह दोबारा पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में मुस्लिम पक्ष द्वारा 24 घंटे के भीतर युवती की बरामदगी का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम का निर्णय फिलहाल स्थगित कर दिया गया। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि तय समय में युवती नहीं मिली तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बताया जाता है कि गांव की एक युवती मंगलवार रात घर से लापता हो गई थी। युवती के पिता ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव का ही दूसरे समुदाय का युवक उसे अपने साथ ले गया है। मामले को लेकर कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी कोतवाली पहुंचे और युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने पंचायत कर कार्रवाई न होने पर सड़क जाम की चेतावनी दी थी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
बुधवार सुबह मंदिर परिसर में फिर पंचायत बुलाई गई। इसमें पूर्व प्रधान वादिल चौधरी, जिला पंचायत सदस्य जीशान चौधरी, फरमान चौधरी, इनाम चौधरी, प्रधान तनवीर चौधरी और नसीम अख्तर सहित कई लोग पहुंचे। पहले दो घंटे का समय मांगा गया, बाद में 24 घंटे में युवती की बरामदगी का आश्वासन दिया गया। इसके बाद आंदोलन को अस्थायी रूप से टाल दिया गया। पंचायत में विधायक किरत सिंह, चौधरी नक्षत्र सिंह, हिंदू संगठन के नेता नितिन कुमार, हरीश चौधरी, रोहित प्रधान, मास्टर श्रवण कुमार, प्रवेश बटार, मास्टर करेशन, संदीप कुमार, सुशील, अनिल, नाथीराम प्रधान और किरणपाल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
युवक-युवती का वीडियो वायरल
मामले में युवक और युवती का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती स्वयं को अपनी मर्जी से युवक के साथ जाने की बात कहती दिखाई दे रही है। उसके अनुसार दोनों के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था और परिजनों को इसकी जानकारी भी थी। युवती ने परिवार की ओर से संबंध समाप्त करने के दबाव और कथित प्रताड़ना के कारण युवक के साथ जाने का निर्णय लेने की बात कही है।
पुलिस अलर्ट, तलाश जारी
पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और युवती की तलाश के प्रयास जारी हैं।
सीओ गंगोह अशोक सिसोदिया ने बताया कि पुलिस मामले में सतर्क है और हर पहलू पर जांच की जा रही है।










