शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट। उप जिलाधिकारी सुबोध कुमार ने सोमवार को नगर पंचायत बेहट में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखने के साथ ही नगर की सफाई व्यवस्था सुधारने, गौ-आश्रय स्थल का संचालन शीघ्र शुरू कराने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने अधिशासी अधिकारी सरिता चौधरी के साथ नगर पंचायत क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करते हुए निर्धारित मानकों, निविदा की शर्तों और स्वीकृत आगणन के अनुरूप कार्य कराए जाने की स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गौ-आश्रय स्थल का संचालन जल्द शुरू कराने को कहा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। नगर क्षेत्र में नालों की सफाई की स्थिति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनजर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नालों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
एसडीएम ने नगर क्षेत्र का भ्रमण कर अवैध अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित करने और नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा नगर की आधारभूत सुविधाओं और विकास संबंधी जरूरतों का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर 15वें वित्त आयोग की आगामी कार्ययोजना में आवश्यक कार्य शामिल करने को कहा, जिससे नगर में नागरिक सुविधाओं का विस्तार हो सके।







