शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर को जाममुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस एवं नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर पैदल गश्त कर सड़क व फुटपाथ पर कब्जा जमाए बैठे रेहड़ी-ठेले और खोखों को हटवाया गया। वहीं, यातायात बाधित करने वाले गलत तरीके से खड़े 76 वाहनों के चालान किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक यातायात अमित तोमर ने यातायात पुलिस और नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के साथ कार्रवाई की। अभियान के दौरान घंटाघर चौक, नेहरू मार्केट, श्रीराम चौक और जोगियान पुल की ओर जाने वाले मार्गों को विशेष रूप से शामिल किया गया।
संयुक्त टीम ने बाजारों में पैदल गश्त करते हुए सड़क और फुटपाथ पर यातायात में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान रेहड़ी-ठेले और खोखों को हटाने के साथ ही मार्गों पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 76 वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस टीम ने दुकानदारों और व्यापारियों को समझाया कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क एवं फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। इससे बाजारों में आवागमन प्रभावित होता है और जाम की स्थिति पैदा होती है। व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार शहर में सुगम यातायात सुनिश्चित करने, आमजन को जाम से राहत दिलाने और सड़कों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।







