शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की पांच समस्याएं सामने आईं। इनमें से दो शिकायतों का अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव ने तत्काल निस्तारण करा दिया, जबकि शेष तीन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में वार्ड-7 के बुड्ढी माई चौक निवासी उस्मान मलिक ने चौक के पास सीवर का ढक्कन बदलवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। अपर नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारी को तत्काल निर्देशित करते हुए समस्या का समाधान करा दिया। इसी प्रकार वार्ड-41 शारदा नगर निवासी राहुल भाटिया ने ईएसआई अस्पताल के निकट सफाई कराने की मांग रखी। इस पर अपर नगरायुक्त ने क्षेत्र के सफाई निरीक्षक और सफाई मित्र को मौके पर भेजकर सफाई कराई और शिकायत का निस्तारण कराया।
वहीं वार्ड-66 नदीम कॉलोनी निवासी मोहम्मद आसिफ ने कॉलोनी के पास खराब पड़ी एलईडी लाइट ठीक कराने की मांग की। इसके अलावा वार्ड-7 के अंबेडकर चौक जाटव नगर निवासी रवि प्रकाश ने चौक के पास खराब पड़ी लाइट को ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। दोनों शिकायतों पर अपर नगरायुक्त ने पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव ने संबंधित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







