शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक परिवारों के लिए 1500 करोड़ रुपये की धनराशि का वितरण किया। इस कार्यक्रम का मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। यहां रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने लगभग 100 उज्ज्वला लाभार्थियों को सब्सिडी वितरण के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देना मुख्यमंत्री की ओर से दीपावली का उपहार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। पात्र परिवारों को राशन, आवास, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के उपचार और उज्ज्वला योजना के माध्यम से रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल से लकड़ी और उपलों के धुएं से होने वाली आंखों और सांस संबंधी परेशानियों से बचाव में मदद मिलती है। सब्सिडी की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। दीपावली पर गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी मिलने से पात्र परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने लाभार्थियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और आवश्यक प्रक्रियाएं समय से पूरी कराने की अपील की।
जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि जनपद सहारनपुर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,59,539 लाभार्थी हैं। इनमें इंडियन ऑयल के 1,38,597, भारत पेट्रोलियम के 82,060 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 38,882 लाभार्थी शामिल हैं। इनमें से 2,36,737 लाभार्थियों की आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जो कुल लाभार्थियों का लगभग 91.2 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से 652.40 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से 304.60 रुपये, यानी कुल 957 रुपये की सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। एक अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक गैस रिफिल प्राप्त करने वाले पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से 652.40 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। इसके लिए लाभार्थियों को अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर सिलेंडर की बुकिंग कराकर भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त करना होगा। जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी अभी तक पूरी नहीं हुई है, वे गैस एजेंसी पर जाकर इसे जल्द पूरा करा लें, ताकि योजना के लाभ से वंचित न रहें।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह, आईओसीएल के विक्रय अधिकारी गौरव हिरणवाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शरद कुमार स्वर्णकार सहित संबंधित अधिकारी और उज्ज्वला योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।







