Saharanpur News: दीपावली पर मानवीय संवेदनाओं की मिसाल बनी सहारनपुर पुलिस, एसएसपी से लेकर सीओ तक ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ मनाया त्योहार

दीपावली पर एसएसपी अभिनंदन सिंह ने वृद्धाश्रम और बाल गृह में बच्चों के साथ त्योहार मनाया। सीओ बेहट और सीओ सदर ने भी जरूरतमंद बच्चों को मिठाई, पटाखे और उपहार बांटकर खुशियां साझा कीं।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर, । दीपावली के पावन पर्व पर सहारनपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक सरोकारों की भी मिसाल पेश की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह से लेकर क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों तक ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर बुजुर्गों, बच्चों और जरूरतमंद लोगों के साथ दीपावली मनाई। पुलिस अधिकारियों ने मिठाई, फल, कंबल और अन्य उपहार वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने मानव मंदिर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने वृद्धजनों को फल और कंबल वितरित करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान एसएसपी ने बुजुर्गों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रेम, सौहार्द, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का पर्व है। त्योहार की खुशियां समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए।

इसके बाद एसएसपी अभिनंदन ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ थाना जनकपुरी क्षेत्र के जनता रोड और चकरोता रोड स्थित बालक एवं बालिका गृह पहुंचकर बच्चों के बीच दीपावली मनाई। उन्होंने बच्चों को मिठाई, पटाखे, मोमबत्तियां और पिज्जा वितरित किए। एसएसपी और उनके परिवार ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। परिवार को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।

बेहट में झुग्गी-झोपड़ियों के बच्चों के साथ मनाया त्योहार

क्षेत्राधिकारी बेहट शशिप्रकाश शर्मा और थाना प्रभारी बेहट इंद्रेश कुमार ने कस्बे की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों के बीच पहुंचकर दीपावली की खुशियां बांटीं। दोनों पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को मिठाई और पटाखे वितरित किए तथा उनके साथ त्योहार मनाया। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को भी दीपावली की खुशियों में शामिल करने का प्रयास किया गया।

छुटमलपुर के तीन संस्थानों में पहुंचे सीओ सदर

क्षेत्राधिकारी सदर पवन कुमार ने अपनी पत्नी वसुधा शुक्ला के साथ थाना फतेहपुर क्षेत्र के छुटमलपुर और आसपास स्थित बाल एवं महिला कल्याण संस्थानों में पहुंचकर दीपावली मनाई। इस दौरान राजकीय बाल गृह (शिशु सदन), छुटमलपुर, राजकीय पश्चातवर्ती देखरेख संगठन (महिला), फतेहपुर और वन स्टॉप सेंटर-2, छुटमलपुर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सीओ सदर और उनकी पत्नी ने पुलिस टीम के साथ बच्चों एवं संस्थानों में निवासरत लोगों को मिठाई और पटाखे वितरित किए। उनके साथ खुशियां साझा कीं और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सर्किल के विभिन्न थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे।

दीपावली के अवसर पर पुलिस अधिकारियों की इन पहलों ने यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका केवल सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों और मानवीय संवेदनाओं के प्रति भी उसका दायित्व है। सहारनपुर पुलिस ने त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य