मनोज मिड्ढा
सहारनपुर, । दीपावली के पावन पर्व पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बुजुर्गों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए फल और कंबल वितरित किए। जिलाधिकारी के आत्मीय व्यवहार और अपने बीच उनकी मौजूदगी से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे।

इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक बुजुर्ग से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी जरूरतों तथा समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उनके सम्मान, सुरक्षा और देखभाल को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना और सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।

जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, सौहार्द, सेवा और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का भी अवसर है। त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटी जाएं।

उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत सभी बुजुर्गों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें दीपावली की बधाई दी। इस अवसर पर बुजुर्गों ने भी जिलाधिकारी के साथ आत्मीयता से बातचीत की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की सुविधाओं, स्वास्थ्य, भोजन और बेहतर देखभाल का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी आवश्यकताओं का समय से समाधान सुनिश्चित किया जाए।








