शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरी तीन ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद में सघन चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में 27 फरवरी 2026 की रात्रि चौकी शाहजहांपुर क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां रेत से भरी हुई बिना किसी वैध प्रपत्र के परिवहन करते हुए पाई गईं। जांच में पाया गया कि एक सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर प्लेट के थी, जिसका इंजन नंबर 3100DL 54 B151475 F3 है। दूसरी महिंद्रा 555 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली नंबर UP 11 AU 1848 थी, जिसका एसआर नंबर RKBG01127 HE है। तीसरी महिंद्रा 475 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली नंबर UP 11 R 3047 पाई गई, जिसका इंजन नंबर REU3075 है।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीनों वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, संग्रह आमीन रजनीश और ओम सिंह तथा थाना सरसावा की पुलिस टीम मौजूद रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।









