उज्ज्वला योजना के तहत 1500 करोड़ की सब्सिडी जारी

जनमंच सभागार में सजीव प्रसारण, 400 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित सहारनपुर के 1,43,972 लाभार्थियों को 8.11 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी प्राप्त

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को 1500 करोड़ रुपये की निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सहारनपुर स्थित जनमंच सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं गैस सिलेंडर वितरित किए गए।

जनमंच सभागार में नगर विधायक राजीव गुंबर, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी तथा मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने 400 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं गैस सिलेंडर प्रदान किए।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि निःशुल्क राशन वितरण, आवास, आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का उपचार और उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निःशुल्क गैस सिलेंडर जैसी योजनाएं गरीबों को सशक्त बना रही हैं।

रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निःशुल्क सिलेंडर रिफिल मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेशवासियों को होली का उपहार है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के उपयोग से धुएं से होने वाली आंख और सांस संबंधी बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण व्यवस्था के तहत सब्सिडी की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क सिलेंडर से गरीब परिवारों की आवश्यकताएं पूरी हो रही हैं और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से भी सुरक्षा मिल रही है। सरकार बिना भेदभाव के सभी को योजनाओं का लाभ दे रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने जानकारी दी कि उज्ज्वला लाभार्थियों को राज्य सरकार द्वारा 563.40 रुपये तथा भारत सरकार द्वारा 304.40 रुपये, कुल 868 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। जनपद में इंडियन ऑयल के 1,38,407, भारत पेट्रोलियम के 81,978 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 40,743, कुल 2,61,128 उज्ज्वला लाभार्थी हैं। इनमें से 2,20,732 लाभार्थियों ने आधार प्रमाणीकरण करा लिया है।

1 जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक 1,43,972 लाभार्थियों ने गैस एजेंसी पर बुकिंग कर निःशुल्क सिलेंडर प्राप्त किया है और मार्च 2026 तक शेष लाभार्थी भी योजना का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने अपील की कि जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी शेष है, वे संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर इसे पूर्ण कराएं ताकि योजना से वंचित न रहें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य