शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। होली पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग ने जनपद में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी, ओवररेटिंग तथा मिलावटी शराब पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत विभिन्न तहसीलों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
बेहट तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी वैभव पांडेय एवं आबकारी निरीक्षक विकास यादव ने संयुक्त रूप से शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में ओवररेटिंग, हॉलमार्क, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। जांच टीम ने सैल्समैनों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में नकुड़ तहसील में एसडीएम सुरेंद्र कुमार एवं आबकारी निरीक्षक पंकज सिंह चौहान ने भी शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों के स्टॉक का मिलान किया तथा शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानों पर हड़कंप की स्थिति रही और सैल्समैन व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए।

अधिकारियों ने बताया कि उप आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर होली पर्व को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।










