शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कुटुम्ब प्रबोधन एवं धर्म जागरण गतिविधि सहारनपुर महानगर के तत्वावधान में आयोजित होली मिलन-2026 में रंगों की जगह फूलों की होली खेली गई, जिसने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया बल्कि भक्ति के वातावरण को और अधिक सुगंधित कर दिया। देहरादून चैक पर मधुकर कुंज स्थित संघ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ क्षेत्र शारीरिक प्रमुख नरेश, विभाग प्रचारक आशुतोष एवं महानगर प्रचारक कविंद्र ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया। कार्यक्रम में भजन मंडली की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। रिंकू, शेखर, सानू, राजेश, देविंदर, अशोक, रमेश, नीलकमल, मनीष, अनुराग और सूरज की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को झूमने पर मजबूर कर दिया। विशेष रूप से होली के इन भजनों ने सभी का मन मोह लिया। बरसाने में आज धुम मची होली की, होली खेलें रघुवीरा अवध में होली खेलें रघुवीरा, आज बिरज में होली रे रसिया, होली के रंग कान्हा के संग, फाग खेलन आए हैं नटनागर, केसरिया रंग डारो रे लाला, उड़त गुलाल लाल भये बदरा, बरसाने में होली है, राधे संग टोली है, कन्हैया घर चलो अब होली बहुत हुई ने सभी को मंत्रमुगध कर दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कुटुम्ब प्रबोधन पर बल देते हुए कहा कि होली जैसे त्योहार हमारे आपसी प्रेम और पारिवारिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से फूलों की होली खेलने के साथ हुआ। कार्यक्रम में महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, अन्य गणमान्य नागरिकों सहित भारी संख्या में स्वयंसेवक और उनके परिजन उपस्थित रहे।








