शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़। मानवमात्र के कल्याण के उद्देश्य से संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (संत निरंकारी मिशन का सामाजिक विभाग) द्वारा नकुड़-सहारनपुर रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला व पुरुष रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 135 यूनिट रक्तदान किया।
यह आयोजन सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद व मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ जोनल इंचार्ज कुलभूषण चौधरी ने किया।

कुलभूषण चौधरी ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान एक जीवनदायी और महत्वपूर्ण सेवा है, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
शिविर में एकत्रित 135 यूनिट रक्त को एसबीडी जिला चिकित्सालय के रक्तकेंद्र में जमा कराया गया। ब्रांच संयोजक धीर सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों, रक्तदाताओं, साध संगत, सेवादल के भाई-बहनों तथा चिकित्सक दल का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों की उपस्थिति रही। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।









