शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के प्रयासों से बूढ़ी माई से मछुआरा मोहल्ला होते हुए अंसारी चौक तक बनने वाला सीसी मार्ग अब पूरा होने की कगार पर है। लगभग 50 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह मार्ग ईद से पहले क्षेत्रवासियों को समर्पित किए जाने की तैयारी है।
स्थानीय लोगों की लंबे समय से शिकायत थी कि यह मुख्य मार्ग अत्यंत जर्जर हो चुका था तथा बरसात के दौरान यहां जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती थी। कुछ हिस्सों में सीवर लाइन का अभाव भी था, जिससे आवागमन प्रभावित होता था। पार्षद मंसूर बदर ने पहले दोनों ओर आरसीसी नालों का निर्माण कराया और सीवर लाइन डलवाई। इसके बाद सीसी सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया गया।

बताया गया कि यह मार्ग इस्लामिया इंटर व डिग्री कॉलेज, कमेला और ईदगाह जाने का प्रमुख रास्ता है, जिस पर प्रतिदिन भारी आवागमन रहता है। सड़क चौड़ी करने के उद्देश्य से कवर नालों के नए पत्थर भी लगवाए गए हैं, जिससे यातायात सुगम होगा।
पार्षद मंसूर बदर ने मार्ग निर्माण के लिए मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरि, मुख्य निर्माण अधिकारी सुरेश चंद एवं अवर अभियंता तपेंद्र सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही मार्ग का विधिवत उद्घाटन कराया जाएगा तथा मेयर और नगर आयुक्त का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।

मार्ग निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि अब बरसात में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।








