शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित आवास पर महापौर डॉ. अजय कुमार द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में शहर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, व्यापारियों, पार्षदों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गईं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। यह त्योहार हमें पुराने गिले-शिकवे भुलाकर नई शुरुआत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि होली को प्रदूषण मुक्त, शालीन और अनुशासित ढंग से मनाएं, जल संरक्षण का ध्यान रखें तथा किसी की भावनाओं को आहत न करें।
कार्यक्रम में नगर विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक किरत सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा व प्रदीप चौधरी, निवर्तमान महापौर संजीव वालिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व अध्यक्ष राकेश जैन, हेमंत अरोड़ा, अमित गगनेजा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, डिप्टी चेयरमैन मयंक गर्ग, विभाग प्रचारक आशुतोष जी, विभाग कार्यवाह अरविंद त्यागी, आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रवीण शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सहारनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता पूरे प्रदेश में उदाहरण है। सभी ने मिलकर प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ होली मनाने का आह्वान किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।










