होली रंग, उमंग और उल्लास का पर्व है। फागुन की बयार के साथ जहां गली-मोहल्लों में रंगों की फुहारें उड़ती हैं, वहीं हिंदी सिनेमा के सदाबहार गीत इस उत्सव में चार चांद लगा देते हैं। आइए जानते हैं उन चर्चित होली गीतों के बारे में, जो हर साल जश्न की पहचान बन जाते हैं—
रंग बरसे’ – फिल्म: सिलसिला
इस सदाबहार गीत को महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी आवाज दी थी। गीत के बोल उनके पिता, प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन ने लिखे थे। होली का जिक्र हो और यह गीत न बजे, ऐसा संभव नहीं।
‘होली खेले रघुवीरा’ – फिल्म: बागबान
यह गीत अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी पर फिल्माया गया है। पारिवारिक भावनाओं के साथ होली की मस्ती का सुंदर संगम इस गीत में देखने को मिलता है।
‘डू मी ए फेवर, लेट्स प्ले होली’ – फिल्म: वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम
यह जोशीला गीत अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा पर फिल्माया गया, जो युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है।
‘होली के दिन दिल खिल जाते हैं’ – फिल्म: शोले
हिंदी सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्म शोले का यह गीत धर्मेंद्र और हेमा मालिनी पर फिल्माया गया है और आज भी होली के जश्न में गूंजता है।
‘अंग से अंग लगाना’ – फिल्म: डर
शाहरुख खान अभिनीत इस फिल्म का यह गीत होली की मस्ती को और बढ़ा देता है।
‘होली आई रे होली __मदर इंडिया_
भारतीय सिनेमा की क्लासिक फिल्म मदर इंडिया का यह गीत आज भी पारंपरिक होली की झलक दिखाता है। यह गीत लता मंगेशकर और शमशाद बेगम की मधुर आवाज में सजा है।
‘आज न छोड़ेंगे’ – फिल्म: कटी पतंग
यह गीत राजेश खन्ना और आशा पारेख पर फिल्माया गया है और होली के उल्लास को चरम पर पहुंचा देता है।
‘होली रे होली’ – फिल्म: पराया धन
पुराने दौर का यह गीत आज भी होली के अवसर पर खूब बजाया जाता है।
‘जोगी जी ढूंढ के ला दो’ – फिल्म: नदिया के पार
ग्रामीण परिवेश की झलक दिखाने वाला यह गीत होली के पारंपरिक रंगों को जीवंत कर देता है।
‘बलम पिचकारी’ – फिल्म: ये जवानी है दीवानी
यह आधुनिक दौर का सुपरहिट होली गीत रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण पर फिल्माया गया है और युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय है।
बॉलीवुड के ये गीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि होली की सांस्कृतिक पहचान बन चुके हैं। इनकी धुन सुनते ही हर उम्र का व्यक्ति रंगों में सराबोर होकर झूम उठता है। सच ही है—इन गीतों के बिना होली का उत्सव अधूरा सा लगता है।










