शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। रंगों के पावन पर्व होली पर शहर का राजनीतिक और सामाजिक माहौल उस समय रंगीन हो उठा, जब नगर विधायक राजीव गुंबर के आवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। गुलाल की खुशबू, ढोल की थाप और मेल-मिलाप की मिठास के बीच कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
विधायक राजीव गुंबर एवं उनके पुत्र ने आगंतुक अतिथियों का गुलाल लगाकर स्वागत किया और सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगीत की धुन पर ठुमके लगाकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। उनके साथ विधायक देवेंद्र निम तथा महापौर डॉ. अजय सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम में पंजाबी समाज के अध्यक्ष पाली कालड़ा, जैन समाज के अध्यक्ष राजेश जैन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, आरएसएस सहारनपुर प्रमुख आशुतोष, संजय अरोड़ा (रायवाला कपड़ा मार्केट अध्यक्ष), उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष शीतल टंडन, सुषमा बजाज, महेंद्र सचदेवा मनीष अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, पार्षद, अधिकारी, चिकित्सक और पत्रकार भी मौजूद रहे।

विधायक राजीव गुंबर ने मीडिया के माध्यम से भी जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “होली आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। हमें इस पर्व के माध्यम से समाज में एकता और समरसता को मजबूत करना चाहिए।”
समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और मिठाई खिलाकर पर्व का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और शक्ति के संग थिरकते कदमों ने यह संदेश दिया कि त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता का माध्यम भी हैं।
होली मिलन का यह कार्यक्रम सहारनपुर की सामाजिक और राजनीतिक एकता की मिसाल बन गया।









