शहरी चौपाल ब्यूरो
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम सूचना है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा एक्सप्रेसवे पर एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके चलते बुधवार से काशी टोल प्लाजा से लेकर डासना तक अलग-अलग समय पर यातायात आंशिक रूप से बाधित रह सकता है।
यह कार्य एटीएमएस रिफर्बिशमेंट प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। इसके अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर ओवर स्पीड चालान सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नए उच्च तकनीक वाले कैमरे, सोलर पैनल और साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही व्हीकल स्पीड डिटेक्शन सिस्टम (वीएसडीएस) और वेरिएबल मैसेज साइन (वीएमएस) गैंट्री को सुरक्षित रूप से स्थापित किया जाएगा।
क्यूब हाइवेज के सीनियर मैनेजर अनिल शर्मा ने बताया कि डासना, रसूलपुर, भोजपुर और काशी के बीच गैंट्री स्थापना का कार्य बुधवार से शुरू हो रहा है। जिस स्थान पर कार्य चल रहा होगा, वहां सुरक्षा के मद्देनजर करीब 15 से 20 मिनट के लिए यातायात पूरी तरह रोका जाएगा। ऐसे में वाहन चालकों को कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर इंतजार करना पड़ सकता है।

एनएचएआई और क्यूब हाइवेज ने सुबह और शाम के समय यात्रा करने वाले लोगों को असुविधा से बचने के लिए पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है। क्यूब हाइवेज के आईटी मैनेजर चंद्र सोनी ने बताया कि कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गैंट्री स्थापना का मुख्य उद्देश्य हाईवे पर ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाना है, जिससे भविष्य में जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर बेहतर नियंत्रण पाया जा सके। प्राधिकरण ने स्थानीय निवासियों और एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से धैर्य रखने और मौके पर तैनात टीम व यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।









