होली के रंग–पत्रकारों संग’ में गूंजा सौहार्द का संदेश, युवा पत्रकार अर्पित मिड्ढा हुए सम्मानित

शहरी चौपाल ब्यूरो 

 

सहारनपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन और न्यूज़ परिक्रमा के संयुक्त तत्वावधान में अंबाला रोड स्थित चंद्रलोक फार्म्स में आयोजित ‘होली के रंग–पत्रकारों संग’ कार्यक्रम सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता जगत के सौहार्द का अनूठा उदाहरण बन गया। कार्यक्रम में सत्ता और विपक्ष के कई दिग्गज नेता एक ही मंच पर दिखाई दिए और सभी ने मिलकर फूलों की होली खेलते हुए भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और युवा प्रतिभा के रूप में शहर के उभरते पत्रकार अर्पित मिड्ढा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अर्पित मिड्ढा वर्तमान में ‘शहरी चौपाल’ डिजिटल चैनल के उप संपादक के रूप में कार्यरत हैं और अपनी निष्पक्ष व सक्रिय पत्रकारिता के कारण लगातार पहचान बना रहे हैं। कार्यक्रम में उन्हें स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों और उपस्थित अतिथियों ने अर्पित मिड्ढा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि युवा पत्रकारों की ऊर्जा और समर्पण पत्रकारिता के भविष्य को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अर्पित मिड्ढा आगे भी इसी तरह समाज से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।

कार्यक्रम में महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, हाजी फजलुर रहमान, राघव लखनपाल शर्मा, विधायक मुकेश चौधरी, विधान परिषद सदस्य शाहनवाज खान, विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व विधायक मसूद अख्तर और पंजाबी समाज के अध्यक्ष पाली कालड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सपा विधायक उमर अली खान के प्रतिनिधि के रूप में उनके भाई अली भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इसके अलावा वरिष्ठ उद्यमी संजय करणवाल, समाजसेविका सुषमा बजाज, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता राव केसर सलीम, पूर्व पालिका अध्यक्ष सरसावा विजेंद्र मोगा, मंडल अध्यक्ष सरसावा सागर चौधरी सहित जिले भर के पत्रकार और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

नेताओं ने मंच से पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं और पत्रकारों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और फूलों की होली खेलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम का संचालन मनोज सैनी ने किया, जबकि गायक जावेद अख्तर ने अपने गीतों से माहौल को रंगीन बना दिया। आयोजन की सफलता के लिए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी आलोक तनेजा और न्यूज़ परिक्रमा के मुख्य संपादक नवाजिश खान के प्रयासों की सराहना की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ पत्रकार सुभाष कश्यप, सुशील मोगा, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, न्यूज़ परिक्रमा टीम और यंग तिरंगा क्लब के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। समारोह में फूलों की होली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी संवाद के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य