शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। नगर के अखिल कुमार सैन ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर 518वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और नगर में खुशी की लहर दौड़ गई है।
नगर पालिका के पूर्व सभासद राजकुमार सैन के भतीजे और केएलजीएम इंटर कॉलेज के पास रहने वाले 25 वर्षीय अखिल कुमार सैन वर्तमान में वडोदरा में जीएसटी विभाग में कर सहायक के पद पर तैनात हैं। अखिल ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा नकुड़ में ही हुई, जबकि हाईस्कूल की परीक्षा उन्होंने सेंट मेरी स्कूल सरसावा से उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई पूरी की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए। उन्होंने एनडीए की परीक्षा भी कई बार दी।
वर्ष 2022 में संयुक्त स्नातक स्तर परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उनका चयन वडोदरा में जीएसटी विभाग में कर सहायक के पद पर हुआ था और वे वर्तमान में वहीं कार्यरत हैं। अब उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अखिल की सफलता पर दादा सतपाल सिंह सैन, पिता प्रदीप कुमार और माता रीना देवी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि अखिल शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहा है और उसकी इस उपलब्धि से परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।
अखिल के मामा रेनबो एकेडमी के प्रबंधक सुधीर सैन, चाचा पूर्व सभासद राजकुमार सैन और पंकज कुमार सैन ने भी खुशी जताते हुए इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
अखिल की सफलता पर चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता, पूर्व चेयरमैन शाहनवाज खान, धनीराम सैनी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








