उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक

14 व 15 मार्च को 25 केंद्रों पर चार पालियों में होगी परीक्षा, नकलविहीन व पारदर्शी संचालन के निर्देश

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर । कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। परीक्षा जनपद में 14 और 15 मार्च को 25 केंद्रों पर चार पालियों में आयोजित की जाएगी।

जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ तैनात किया जाए तथा केंद्र के अंदर उपस्थित सभी कार्मिक फोटोयुक्त पहचान पत्र अवश्य प्रदर्शित करें। उन्होंने सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराया जाए। परीक्षा की संवेदनशीलता, शुचिता और पारदर्शिता भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रेलवे, रोडवेज और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही होटल, धर्मशाला और ई-रिक्शा की दरें भी निर्धारित की जाएं, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी न हो।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए सभी अधिकारी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर लें। परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी दी जाए और परीक्षा के दौरान अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, घड़ी, ब्लूटूथ, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थी केवल पेन, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के साथ ही केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।

बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट संतोष बहादुर सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेन्द्र श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एआरटीओ एमपी सिंह सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य